नवागढ़ जनपद पंचायत में नए सीईओ बी.आर. वर्मा का आत्मीय स्वागत
जांजगीर चांपा । जिले के नवागढ़ जनपद पंचायत में नव नियुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) बी.आर. वर्मा ने पदभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालते ही जनपद पंचायत परिसर में आत्मीय स्वागत का आयोजन किया गया।
जनपद पंचायत अध्यक्ष कांता मनमोहन, उपाध्यक्ष शांति घासी राम कश्यप सहित जनपद सदस्य सुरेश कश्यप, रमेश कश्यप, दिनेश कश्यप एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने सीईओ वर्मा का पुष्प गुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष कांता मनमोहन ने कहा कि नवागढ़ जनपद पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए सीईओ के नेतृत्व में क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को नई दिशा और गति भी मिलेगी। उपाध्यक्ष शांति घासी राम कश्यप ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर
पारदर्शिता, जनसुनवाई और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। जनपद सदस्यों ने भी एकजुट होकर विकास कार्यों में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। नव नियुक्त सीईओ बी.आर. वर्मा ने सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान हेतु जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा तथा आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।








