विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस पर नारायणपुर में व्यापक जागरूकता अभियान, सैकड़ों लोगों की हुई जांच
नारायणपुर। विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिले में व्यापक स्तर पर मुख स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को दांतों और मुंह से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ निशुल्क जांच और उपचार संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई।
जिले में चलाए गए विशेष अभियान के तहत विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में शिविर आयोजित कर आमजन को दंत रोगों के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से समझाया गया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को समय रहते मुख स्वास्थ्य के प्रति सजग करना और गंभीर बीमारियों से बचाव सुनिश्चित करना रहा।
जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. विनोद भोयर ने बताया कि जिला अस्पताल के दंत चिकित्सा विभाग में मुख स्वास्थ्य केंद्र का संचालन किया जा रहा है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नियमित रूप से मरीजों की जांच और परामर्श दिया जाता है। उन्होंने बताया कि दंत चिकित्सक डॉ. यखिलेश्वरी ठाकुर के नेतृत्व में लगातार जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों में मुख स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
अस्पताल के दंत चिकित्सा विभाग में प्रतिदिन लगभग 30 से 35 मरीजों की ओपीडी दर्ज की जा रही है, जहां उन्हें आधुनिक जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
डॉक्टरों ने बताया कि जिले में आमतौर पर अक्ल दाढ़ में दर्द और सूजन, दांतों की सड़न, मसूड़ों से खून या मवाद आना, तथा मुंह में बिना दर्द के सूजन या गांठ जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। इन सभी बीमारियों का समय पर उपचार संभव है, बशर्ते लोग लक्षणों को नजरअंदाज न करें और नियमित जांच कराएं।
स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मुख स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें, नियमित रूप से दांतों की सफाई करें और किसी भी समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।







