नगर के सभी वार्डों में विकास कार्यों को दी जा रही गति – अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन व मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में हो रहा विकास – पार्षद रमशीला नाग
नारायणपुर - नगर के आश्रम वार्ड क्रमांक 11 अंतर्गत चंदेनीभाटा क्षेत्र में जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नवनिर्मित यात्री प्रतीक्षालय का विधिवत् उद्घाटन तथा सीसी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल के करकमलों से वार्डवासियों की उत्साहपूर्ण एवं गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
इसके साथ ही कुसुमतराई में वेद साहु के घर से गैस गोदाम तक सीसी सड़क सह नाली निर्माण कार्य का भी विधिवत् भूमिपूजन किया गया। इस निर्माण कार्य से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा और अधिक सुदृढ़ होगी, वहीं नाली निर्माण से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने के साथ स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में चरणबद्ध रूप से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है और इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं वार्ड पार्षद रमशीला नाग ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के सुशासन तथा क्षेत्र के विधायक व छत्तीसगढ़ सरकार में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप जी के मार्गदर्शन में नगर के वार्डों में लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सड़क, नाली और सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे वार्डवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं प्राप्त होंगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी रामचंद्र यादव, उप अभियंता बसंत कुंजाम सहित वार्डवासी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







