रेलवे ट्रैक के पास युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी
विजय साहू
बलौदाबाजार। हथबंद थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरिया निवासी 29 वर्षीय युवक रामसिंह ध्रुव का शव ग्राम नेवधा के पास रेलवे ट्रैक के खंभा नंबर 782/21 के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मृतक के पिता बंजू ध्रुव (55 वर्ष) निवासी ग्राम डोंगरिया ने पुलिस को दी।
मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पर मृतक की मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमगा में रखवाया गया है।पुलिस द्वारा शव पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मर्ग जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।








