समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता की महत्वपूर्ण कड़ी है महिला कमांडो - एसपी विजय पाण्डेय
भूपेन्द्र यादव की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा - सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जिले के तेजतर्रार पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय (आईपीएस) ने थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम अमोरा (महन्त) पहुंचकर ग्रामीणों एवं महिलाओं के साथ संवाद किया और महिलाओं को समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता के लिये आगे आने के लिये प्रेरित किया। इसी क्रम में पचास महिला कमांडो टीम का गठन किया गया , जिसमें ग्राम की सक्रिय महिलाओं को शामिल किया गया है। इस टीम का उद्देश्य गांव और आसपास के क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा , सामाजिक जागरूकता बढ़ाना , किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाना तथा महिला संबंधित अपराधों की रोकथाम में सहयोग करना है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने महिला कमांडो टीम को उनके कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि महिला कमांडो समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यह टीम गांव में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगी , आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देगी तथा समाज में अपराध और नशे जैसी बुराईयों के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने का कार्य भी करेगी। उनके द्वारा महिला कमांडो को अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान संचालित कर कानून व्यवस्था बनाये रखने में सक्रिय सहयोग हेतु प्रेरित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत किया जा रहा है , जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहे। सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों पर प्रकाश डालते हुये उन्होंने महिला कमांडो से अपने आसपास के परिवारों एवं नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करे और इसकी शुरुआत स्वयं से करे तो अपराध रहित एवं सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की कि वे नशा मुक्ति , महिला सुरक्षा , यातायात नियमों के पालन एवं सामाजिक समरसता के प्रयासों सक्रिय सहभागिता निभायें तथा किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कार्यक्रम में उपस्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने भी महिला कमांडो टीम के गठन की सराहना करते हुये कहा कि इस पहल से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और समाज में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। इसके अलावा उनके द्वारा महिला सुरक्षा संबंधी विधिक प्रावधान , साइबर अपराध से बचाव सामुदायिक पुलिसिंग , सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन नशा मुक्ति अभियान की रणनीति एवं यातायात नियमों के पालन के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर महिला कमांडो टीम की पहचान एवं कार्य में सहयोग के लिये उन्हें टोपी और सीटी भी वितरित की गईं , ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुये लोगों के बीच आसानी से पहचानी जा सकें। पुलिस विभाग द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों को पेन कापी वितरित किया गया। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि , गणमान्य नागरिक , ग्रामवासी तथा बड़ी संख्या में महिलायें उपस्थित रहीं। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुये पुलिस विभाग को सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और महिलाओं ने भी समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता के लिये सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। उपरोक्त कार्यक्रम में निरीक्षक कमलेश सेंडे थाना प्रभारी नवागढ़ एवं थाना स्टाफ भी उपस्थित रहे।








