Breaking news : सांसद के प्रयास से जांजगीर-चांपा में विकास कार्यों को मिली रफ्तारः नैला बलौदा फाटक पर ओवरब्रिज स्वीकृत, नहरिया बाबा मंदिर के पास फुट ओवरब्रिज बनेगा...!
जांजगीर-नैला। सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े के प्रयासों से जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र में महत्वपूर्ण विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। केंद्र सरकार के रेल मंत्री ने जिले से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर स्थिति स्पष्ट की है।
बलौदा फाटक पर रोड ओवरब्रिज/अंडरब्रिज निर्माण को स्वीकृति प्रदान किया गया हैं। जिला मुख्यालय जांजगीर-नैला के बलौदा फाटक 677/1-3, गेट नंबर 345 के समीप रोड ओवरब्रिज/रोड अंडरब्रिज निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई है। यह निर्माण कार्य राज्य सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा एकल इकाई आधार पर किया जाएगा।
सामान्य व्यवस्था आरेख (GAD) हेतु सर्वेक्षण कार्य पूर्ण हो चुका है। पीडब्ल्यूडी द्वारा ड्राइंग (GAT) तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत की जाएगी। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस ओवरब्रिज के निर्माण से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से जाम और आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव पर फिलहाल नहीं बनी सहमति, जिला मुख्यालय के रेलवे स्टेशन जांजगीर-नैला में दक्षिण बिहार एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस, हीराकुंड एक्सप्रेस तथा चांपा जंक्शन में गीतांजली एक्सप्रेस के ठहराव की मांग रखी गई थी।
हालांकि रेलवे बोर्ड के अनुसार अतिरिक्त मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव के लिए न्यूनतम टिकट बिक्री और आय का मानक पूरा होना आवश्यक है। वर्तमान में जांजगीर-नैला स्टेशन पर अतिरिक्त ट्रेनों का ठहराव वाणिज्यिक दृष्टिकोण से व्यवहार्य नहीं पाया गया है।
नहरिया बाबा मंदिर के पास बनेगा फुट ओवरब्रिज जांजगीर-नैला नगर स्थित प्रसिद्ध नहरिया बाबा हनुमान मंदिर के समीप 3 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस परियोजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल किया जाएगा और निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस फुट ओवरब्रिज के निर्माण से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। क्षेत्र में स्वीकृत इन परियोजनाओं से विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।







