.AD

नेताजी चौक पर बवाल :फर्नीचर संस्थान में हादसे के बाद मजदूर की मौत, 50 लाख मुआवजा और बच्चों की पढ़ाई की मांग को लेकर शव रखकर प्रदर्शन..

जांजगीर-चांपा- नेताजी फर्नीचर संस्थान में काम के दौरान हुए हादसे के बाद इलाज के दौरान युवक की मौत से आक्रोशित परिजन सड़क पर उतर आए। मृतक के परिजनों ने जांजगीर के नेताजी चौक पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और 50 लाख रुपये मुआवजा देने के साथ-साथ मृतक के बच्चों की पूरी पढ़ाई का खर्च उठाने की मांग की है.


जानकारी के अनुसार खोखसा निवासी हरिचरण प्रधान, जो पिछले करीब 10-12 वर्षों से नेताजी फर्नीचर संस्थान में कार्यरत था, काम के दौरान सीढ़ी से फिसल गया। हादसे में उसके पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए चांपा स्थित नायक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया।


 अस्पताल में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परिजन शव को लेकर नेताजी फर्नीचर के सामने और बाद में नेताजी चौक पर पहुंच गए, जहां उन्होंने सड़क पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों के साथ गांव के अन्य लोग भी प्रदर्शन में शामिल हो गए। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए नेताजी चौक पर आवागमन बाधित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा.


परिजनों का आरोप है कि फर्नीचर संस्थान के संचालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। वे मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं और मांग पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कह रहे हैं, सूचना मिलते ही जांजगीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देने में जुटी है। प्रशासन द्वारा बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और समाचार लिखे जाने तक धरना जारी है।


Related Articles